तोक्यो रिजल्ट: महिला हॉकी में भारतीय 'शेरनियों' का कमाल, जानें कहां जीता हारा भारत
नई दिल्ली ने तोक्यो ओलिंपिक (Tokyo Olympics 2020) के अंतिम 4 का टिकट कटा लिया है। भारतीय टीम ओलिंपिक इतिहास में पहली बार सेमीफाइनल में पहुंचने में सफल रही है। भारत ने वर्ल्ड नंबर दो ऑस्ट्रेलिया को हराकर यह उपलब्धि हासिल की। महिला हॉकी में गुरजीत का कमाल, पहली बार सेमीफाइनल में एंट्री गुरजीत कौर के गोल और गोलकीपर सविता की अगुआई में रक्षापंक्ति के बेहतरीन प्रदर्शन से भारतीय महिला हॉकी टीम ने तोक्यो ओलिंपिक खेलों के क्वार्टर फाइनल में आस्ट्रेलिया को 1-0 से हराकर पहली बार ओलिंपिक के सेमीफाइनल में प्रवेश करके इतिहास रच दिया। सेमीफाइनल में उसका सामना बुधवार को अर्जेंटीना से होगा जिसने एक अन्य क्वार्टर फाइनल में जर्मनी को 3-0 से हराया। गुरजीत ने 22वें मिनट में पेनल्टी कार्नर पर महत्वपूर्ण गोल किया। इसके बाद भारतीय टीम ने अपनी पूरी ताकत गोल बचाने में लगा दी जिसमें वह सफल भी रही। गोलकीपर सविता ने बेहतरीन खेल दिखाया और बाकी रक्षकों ने उनका अच्छा साथ दिया। आखिरी दो क्वॉर्टर में ऑस्ट्रेलिया ने लगातार हमले किए लेकिन भारतीयों ने उन्हें अच्छी तरह से नाकाम किया। भारतीय टीम का ओलिंपिक में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन इससे पहले मॉस्को ओलिंपिक 1980 में था जबकि टीम चौथे स्थान पर रही थी लेकिन तब केवल छह टीमों ने हिस्सा लिया था और मैच राउंड रोबिन आधार पर खेले गए थे। रानी रामपाल की अगुआई वाली टीम की यह जीत इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि क्योंकि पूल चरण में उसे शुरू में संघर्ष करना पड़ा। भारतीय टीम अपने पूल में दक्षिण अफ्रीका और आयरलैंड को हराकर चौथे स्थान पर रही थी जबकि ऑस्ट्रेलिया अपने पूल में शीर्ष पर रहा था। शूटिंग में भारतीय चुनौती खत्म, एश्वर्य और संजीव राजपूत फाइनल में जगह बनाने से चूके ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर और संजीव राजपूत पुरुष 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन के फाइनल में जगह बनाने में नाकाम रहे जिससे रियो ओलिंपिक के बाद तोक्यो ओलिंपिक से भी भारतीय निशानेबाजों का खाली हाथ लौटना तय हो गया। ऐश्वर्य असाका निशानेबाजी रेंज में नीलिंग में 397, प्रोन में 391 और स्टैंडिंग में 379 अंक से कुल 1167 अंक जुटाकर 21वें स्थान पर रहते हुए फाइनल में जगह बनाने की दौड़ से बाहर हो गए। अनुभवी निशानेबाज राजपूत ने भी निराश किया और नीलिंग में 387, प्रोन में 393 तथा स्टैंडिंग में 377 अंक से कुल 1157 अंक जुटाए। वह 39 निशानेबाजों के बीच 32वें स्थान पर रहते हुए क्वालीफिकेशन से ही बाहर हो गए। पचास मीटर राइफल थ्री पोजीशन में नीलिंग, प्रोन और स्टैंडिंग तीनों वर्ग की 10-10 निशानों की चार-चार सीरीज होती है। निशानेबाज प्रत्येक सीरीज में अधिकतम 100 अंक हासिल कर सकता है। क्वालीफिकेशन के बाद शीर्ष आठ निशानेबाज फाइनल में जगह बनाते हैं। इसके साथ ही भारतीय निशानेबाजों का तोक्यो ओलिंपिक से बिना पदक जीते लौटना भी तय हो गया। भारतीय निशानेबाज पांच साल पहले रियो ओलिंपिक में भी एक भी पदक नहीं जीत पाए थे। 38वें स्थान पर रहीं दुती चंद भारत की स्टार स्प्रिंटर दुती चंद 200 मीटर के फाइनल के लिए क्वॉलिफाई नहीं कर पाईं। हीट्स में 23.85 का समय निकालने के बाद वह 41 खिलाड़ियों में 38वें स्थान पर रहीं। दुती का यह सीजन का बेस्ट प्रदर्शन है।
from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/3A2MMbo
No comments