Ranji Trophy Update: देवदत्त पडिक्कल ने लगाई फर्स्ट क्लास में पहली सेंचुरी, नहीं चला पुजारा का बल्ला
चेन्नई: इंडियन प्रीमियर लीग में अपने खेल से प्रभावित करने वाले बाएं हाथ के बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल के प्रथम श्रेणी क्रिकेट में अपना पहला शतक लगाया। गुरुवार को उनके शतक की मदद से कर्नाटक ने रणजी ट्रॉफी ग्रुप सी मैच के पहले दिन पुडुच्चेरी के खिलाफ अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। दिन का खेल समाप्त होने तक तीन विकेट पर 293 रन बना लिए। पहले बल्लेबाजी के लिए भेजे जाने पर कर्नाटक ने दो विकेट 19वें ओवर में 39 रन पर गंवा दिए थे। सलामी बल्लेबाज आर समर्थ (11) और करूण नायर (छह) सस्ते में आउट हो गए। दोनों विकेट असिथ राजीव ने लिए। इसके बाद पडिक्कल ने पारी को संभाला और के वी सिद्धार्थ (85) के साथ उपयोगी साझेदारी की। दोनों चाय तक स्कोर दो विकेट पर 204 रन तक ले गए। इस बीच पडिक्कल ने 277 गेंदों पर 20 चौकों और दो छक्कों की मदद से अपना पहला शतक पूरा किया। उन्होंने सिद्धार्थ के साथ 357 गेंदों पर 223 रन की साझेदारी की। पहले दिन के आखिर में पडिक्कल 161 और कप्तान मनीष पांडे 21 रन बनाकर खेल रहे हैं। एक अन्य मैच में जम्मू कश्मीर को रेलवे ने 258 रन पर आउट कर दिया। कामरान इकबाल ने सर्वाधिक 83 रन बनाए। रेलवे के लिये कप्तान और लेग स्पिनर कर्ण शर्मा ने 76 रन देकर छह विकेट लिए। वहीं एक अन्य मैच की बात करें तो अहमदाबाद में चिराग जानी के 140 रन और शेल्डन जैकसन के नाबाद 96 रन की मदद से सौराष्ट्र ने रणजी ट्रॉफी ग्रुप डी मैच के पहले दिन गोवा के खिलाफ सात विकेट पर 343 रन बना लिए। चिराग ने 190 गेंद की अपनी पारी में 22 चौके और दो छक्के लगाये । वहीं जैकसन 119 गेंद की पारी में छह चौके और पांच छक्के लगा चुके हैं। भारतीय टेस्ट टीम से बाहर चेतेश्वर पुजारा 28 रन ही बना सके। जैकसन और चिराग ने 102 रन की साझेदारी करके सौराष्ट्र को 250 रन तक पहुंचाया । चिराग के आउट होने के बाद अर्पित वासवडा (12) भी नहीं टिक सके । प्रेरक मांकड़ 28 रन बनाकर आउट हुए जबकि पार्थ भूत खाता भी नहीं खोल पाए। पहले दिन का खेल समाप्त होने पर धर्मेद्रसिंह जडेजा 23 रन बनाकर जैकसन के साथ क्रीज पर थे।
from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/dDULkgQ
No comments