Breaking News

मुझे हैरानी होगी अगर पुजारा और रहाणे अगले टेस्ट मैच में खेले तो: निखिल चोपड़ा

नई दिल्ली पूर्व भारतीय क्रिकेटर निखिल चोपड़ा को लगता है कि साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के तीसरे मैच में भारतीय मध्यक्रम में बदलाव हो सकता है। उनका मानना है कि चेतेश्वर पुजारा और अजिंक्य रहाणे अगले टेस्ट मैच में नहीं खेलेंगे। पुजारा ने पहली पारी में तीन रन बनाए वहीं अजिंक्य रहाणे खाता भी नहीं खोल पाए। जोहान्सबर्ग टेस्ट के पहले दिन दोनों बल्लेबाज एक बार फिर असफल रहे। चेतेश्वर पुजारा ने 33 गेंदों का सामना किया लेकिन वह अपने स्कोर को 3 से आगे नहीं ले जा पाए वहीं अजिंक्य रहाणे पहली ही गेंद पर आउट हो गए। विराट कोहली की गैरमौजूदगी में रहाणे चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे। चोपड़ा को लगता है कि इस प्रदर्शन के बाद इन दोनों खिलाड़ियों का प्लेइंग इलेवन में बने रहना थोड़ा मुश्किल है। खेलनीति पॉडकास्ट पर चोपड़ा ने कहा, 'मुझे नहीं लगता कि जिन गेंदों पर पुजारा और रहाणे आउट हुए वे विकेट लेने वाली बॉल थीं। मुझे हैरानी होगी अगर पुजारा और रहाणे तीसरे टेस्ट मैच में खेले। या फिर इनमें से कोई एक विराट कोहली के लिए जगह बना सकता है। अगर भारत यहां जीत जाता है तो अगले मैच में विहारी और अय्यर दोनों को मौका मिल सकता है। इससे उन्हें भविष्य के लिए तैयार करने का मौका मिलेगा।' विराट कोहली के स्थान पर भारत ने इस टेस्ट मैच में हनुमा विहारी को शामिल किया है। उन्होंने शुरुआत अच्छी की लेकिन वह सिर्फ 20 रन ही बना सके। श्रेयर अय्यर को इस टेस्ट मैच के लिए प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली। गावस्कर ने कहा था बस एक पारी बाकी महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने भी कॉमेंट्री के दौरान कहा था कि रहाणे और पुजारा के पास अपना टेस्ट करियर बचाने के लिए सिर्फ एक पारी बाकी है। गावस्कर ने जोहान्सबर्ग टेस्ट मैच के पहले दिन रहाणे और पुजारा के आउट होने के बाद कॉमेंट्री के दौरान यह बात कही थी।


from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/348kMYX

No comments