Breaking News

भारतीय क्रिकेटर को हुआ कोरोना, 2019 में किया था ऑलराउंडर ने डेब्यू

मुंबई देश में लगातार बढ़ते कोरोना के मामलों ने डरा दिया है। रोजाना कोविड के केस में इजाफा ही हो रहा है। इस बीच भारतीय क्रिकेटर शिवम दुबे भी संक्रमित हो गए हैं। भारत के लिए एक वनडे और 13 टी-20 इंटरनेशनल खेल चुके शिवम दुबे बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं, जो मीडियम पेस गेंदबाजी भी करते हैं। घरेलू क्रिकेट में मुंबई की नुमाइंदगी करने वाले शिवम दुबे अकेले नहीं हैं। टीम के वीडियो विश्लेषक की कोविड रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। अब दुबे की जगह साईराज पाटिल को मुंबई की 20 सदस्यीय रणजी टीम में शामिल किया गया है। मुंबई की टीम से जुड़े सूत्रों ने सोमवार को कहा, ‘हां, दो सदस्यों का कोविड-19 का परीक्षण पॉजिटिव आया है तथा दुबे की जगह साईराज पाटिल को टीम में शामिल किया गया है।’ इस 28 वर्षीय खिलाड़ी को महाराष्ट्र और दिल्ली के खिलाफ होने वाले मैचों के लिए मुंबई की शुरुआती टीम में शामिल किया गया था। रणजी ट्राफी में 41 बार के चैंपियन मुंबई को एलीट ग्रुप सी में रखा गया है और वह अपने लीग मैच कोलकाता में खेलेगा। शिवम दुबे का सर्वाधिक स्कोर 54 रन वेस्टइंडीज के खिलाफ दिसंबर 2019 में आया था, उन्होंने 30 गेंदों की अपनी पारी में तीन चौके और चार छक्के उड़ाए थे।


from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/3JBL6ep

No comments