11 साल की उम्र में छोड़ा घर, माता-पिता दोनों इंडियन प्लेयर, दिल्ली का छोरा है U-19 स्टार अंगकृष रघुवंशी
टारूबा भारत ने अंडर-19 वर्ल्ड कप (under-19 cricket world cup) इतिहास की अपनी सबसे बड़ी जीत हासिल की है। यह यादगार लम्हा शनिवार देर रात यूगांडा के खिलाफ आया। दो शतक और घातक गेंदबाजी के बूते भारत के युवा शेरों ने यह कमाल किया। इस जीत के हीरो रहे अंगकृष रघुवंशी (144 रन) और राज बावा (नाबाद 162 रन)। तीसरे विकेट के लिए दोनों के बीच 206 रन की पार्टनरशिप हुई। अंगकृष रघुवंशी के माता-पिता टेनिस और बास्केटबॉल में भारतीय टीम से खेल चुके हैं। आइए उनसे थोड़ा और करीब से मिलवाते हैं। माता-पिता दोनों इंडियन टीम से खेलते थेअपने जोड़ीदार राज बावा की ही तरह अंगकृष रघुवंशी भी स्पोर्ट्स फैमिली से आते हैं। पिता अवनीश टेनिस में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं तो मां मलिका भी देश के लिए बास्केटबॉल खेलती थी। इतना ही नहीं छोटा भाई कृषग भी खेलों का दीवाना है। पिता के नक्शेकदम पर उसने टेनिस को चुना और टूर्नामेंट के लिए यूरोप भी जा चुका है। दिल्ली में जन्में, मुंबई में चमके आमतौर पर मायानगरी मुंबई में लोग बॉलीवुड में करियर बनाने पहुंचते हैं, लेकिन दिल्ली में पैदा हुए अंगकृष रघुवंशी जब पहली बार मुंबई पहुंचे तो उनकी उम्र महज 11 साल थी। पूर्व भारतीय ऑलराउंडर अभिषेक नायर ने उन्हें ट्रेनिंग देनी शुरू की। महज 17 साल के अंगकृष ने बीते साल अहमदाबाद में हुए अंडर-19 वीनू मांकड ट्रॉफी के चार मैच में दो अर्धशतक के साथ कुल 214 रन बनाकर सिलेक्टर्स का ध्यान आकर्षित किया था। अंगकृष को बेटे की तरह मानते हैं अभिषेक नायर मुंबई बसने से पहले रघुवंशी को गुरुग्राम के कोच मंसूर अली खान ट्रेनिंग दिया करते थे। विल्सन कॉलेज जिमखाना में अपने साथ एक हफ्ते की ट्रेनिंग के बाद अभिषेक नायर ने अंगकृष के घरवालों को उसे मुंबई भेजने के लिए मना लिया। अभिषेक नायर तक पहुंचने का किस्सा भी दिलचस्प है। दरअसल, अंगकृष रघुवंशी के अंकल साहिल कुकरेजा मुंबई के पूर्व ओपनर हैं, जिनकी सलाह पर ही परिवार ने नायर से संपर्क साधा। दिलचस्प है कि अंगकृष नायर के ही घर में रहते हैं। दोनों के बीच गुरु-शिष्य से बढ़कर पिता-पुत्र जैसा रिश्ता है।
from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/34080vs
No comments