14 विकेट लेकर भी न्यूजीलैंड की हार नहीं रोक पाएंगे एजाज, भारत ने दिया 540 रनों का लक्ष्य
मुंबईभारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ मुंबई टेस्ट की दूसरी पारी 7 विकेट के नुकसान पर 276 रन बनाकर घोषित की। इस तरह मेहमान टीम को 540 रनों का अंसभव-सा लक्ष्य मिला है। भारतीय टीम ने एजाज पटेल के रिकॉर्ड परफेक्ट-10 के बावजूद पहली पारी में 325 रन बनाए थे। उसके लिए मयंक अग्रवाल ने शानदार शतक जड़ा था। दूसरी ओर, न्यूजीलैंड की पहली पारी महज 62 रनों पर सिमट गई थी। मैच के तीसरे दिन बैटिंग करने उतरी भारतीय टीम के लिए मयंक अग्रवाल ने 62, चेतेश्वर पुजारा और शुभमन गिल ने 47-47 रनों की पारी खेली, जबकि अच्छी शुरुआत करने वाले भारतीय कप्तान विराट कोहली बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। उन्होंने 84 गेंदों में 36 रन बनाए। आखिरी में अक्षर पटेल ने दर्शकों का अपनी बैटिंग से जमकर मनोरंज किया। उन्होंने 26 गेंदों में 3 चौके और 4 छक्के के दम पर नाबाद 41 रन ठोके। भारत ने सुबह के सत्र में मयंक अग्रवाल (109 गेंदों पर 62 रन) और चेतेश्वर पुजारा (96 गेंदों पर 47 रन) के विकेट गंवाये। पहली पारी में 119 रन देकर सभी 10 विकेट लेने वाले बायें हाथ के स्पिनर ऐजाज पटेल बहुत प्रभावी नहीं दिखे, लेकिन भारत के दोनों विकेट उनके खाते में ही गए। अग्रवाल और पुजारा ने सुबह के सत्र में आक्रामक तेवर अपनाए और गेंद को लगातार सीमा रेखा तक पहुंचाकर गेंदबाजों पर दबाव बनाया। पहली पारी में 150 रन बनाने वाले अग्रवाल ने अच्छी लय जारी रखी और पटेल पर एक्स्ट्रा कवर पर छक्का जड़कर अर्धशतक पूरा किया। पटेल ने भले ही इतिहास में अपना नाम दर्ज कर दिया लेकिन अग्रवाल ने उन पर मैच में कुल पांच छक्के लगाए। अग्रवाल मैच में दूसरा शतक पूरा करने की स्थिति में दिख रहे थे लेकिन पटेल पर एक और छक्का जड़ने के प्रयास में उन्होंने लॉन्ग ऑफ पर विल यंग को कैच थमा दिया। पुजारा के पास अर्धशतक बनाकर दक्षिण अफ्रीका दौरे से पहले आत्मविश्वास जगाने का अच्छा मौका था। उन्हें एक बार डीआरएस का फायदा भी मिला लेकिन पटेल की फुललेंथ गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकिर स्लिप में रोस टेलर के सुरक्षित हाथों में चली गयी और वह अर्धशतक पूरा नहीं कर पाए।
from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/3xVQpjd
No comments