Breaking News

कोहली ने जिम में पसीना बहाते शेयर किया VIDEO, फैंस कर रहे 71वें शतक का इंतजार

नई दिल्ली भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) न्यूजीलैंड के खिलाफ 2 मैचों की सीरीज के पहले टेस्ट मैच में आराम के तहत टीम से बाहर हैं। विराट दूसरे टेस्ट मैच के जरिए टीम इंडिया में वापसी करेंगे, जिसका आयोजन 3 से 7 दिसंबर तक मुंबई में होगा। 33 वर्षीय कोहली दुनिया के फिट एथलीटों में से एक हैं। वह समय समय पर अपनी वर्कआउट फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करते रहते हैं, जो फैंस को खूब रास आता है। कोहली ने शनिवार को भी अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया जिसमें वह जिम के अंदर कसरत करते हुए नजर आ रहे हैं। विराट का यह 28 सेकेंड का वीडियो कुछ ही समय में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में कोहली अपनी जांघ की मांसपेशियों को मजबूत करते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसपर फैंस खूब कॉमेंट कर रहे हैं। एक फैंस ने लिखा, ' हम आपसे 71वें शतक का इंतजार और नहीं कर सकते।' कोहली इंटरनैशनल क्रिकेट में लंबे समय से शतक लगाने में असफल रहे हैं। उन्होंने अपना आखिरी इंटरनैशनल शतक 2019 में बांग्लादेश के खिलाफ कोलकाता के ईडन गार्डंस में पिंक बॉल टेस्ट में लगाया था। इसके बाद विराट का बल्ला उनसे रूठा हुआ है। विराट के नाम टेस्ट में 27 जबकि वनडे में 43 शतक दर्ज है। विराट पिछले 5 महीने से लगातार क्रिकेट खेल रहे हैं। इसलिए उन्होंने खुद को शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रखने के लिए ब्रेक लिया है। विराट ने टी20 वर्ल्ड कप के बाद टी20 टीम की कप्तानी छोड़ दी थी। अब टीम इंडिया की टी20 में कप्तानी रोहित शर्मा कर रहे हैं जबकि टेस्ट और वनडे में विराट ही कप्तान हैं।


from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/3nY7G8c

No comments