Breaking News

जर्सी नंबर-18 में क्या राज है? विराट के बाद मंधाना ने पिंक बॉल से सेंचुरी ठोक रच दिया इतिहास

नई दिल्ली ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पिंक बॉल टेस्ट मैच में भारतीय ओपनर स्मृति मंधाना (Smriti Mandhana) ने कमाल कर दिया है। मंधाना ने क्वींसलैंड के कैरारा में जारी एकमात्र टेस्ट मैच के दूसरे दिन शानदार शतक जड़ इतिहास रच दिया। पिंक बॉल टेस्ट (Pink Ball Test) मैच में शतक जड़ने वाली मंधाना दूसरी भारतीय बन गई हैं। इससे पहले गुलाबी गेंद से खेले गए टेस्ट मैच में भारतीय कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) ने भी शतकीय पारी खेली थी। 25 साल की मंधाना के टेस्ट करियर का यह पहला शतक है। उन्होंने पारी के 52वें ओवर में एलिस पैरी की गेंद पर चौका जड़ अपना 170 गेंदों पर शतक पूरा किया। वह 127 रन बनाकर आउट हुईं। उन्होंने इस दौरान 216 गेंदों पर 22 चौके और एक छक्का लगाया। ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट में शतक जड़ने वाली मंधाना भारत की पहली महिला क्रिकेटर हैं। मंधाना से पहले कोहली ने साल 2019 में कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डंस मैदान पर बांग्लादेश के खिलाफ डे नाइट टेस्ट मैच में 136 रन की पारी खेली थी। मंधाना के शतक जड़ते ही सोशल मीडिया पर फैंस जर्सी नंबर-18 पर चर्चा करने लगे। दरअसल, मंधाना और विराट का जर्सी नंबर 18 है। एक फैंस ने ट्वीट किया, ' जर्सी नंबर 18 हमेशा कही भी गर्जता है।' दूसरी ओर टीम इंडिया के पूर्व टेस्ट ओपनर वसीम जाफर ने मंधाना को ऑफसाइड का देवी करार दिया। एक अन्य यूजर ने कोहली और मंधाना की फोटो शेयर करते हुए लिखा, ' कुछ तो बात है जर्सी नंबर 18 में।' पूनम राउत के साथ की शतकीय साझेदारी मंधाना ने पूनम राउत के साथ दूसरे विकेट के लिए 102 रन की साझेदारी की। इससे पहले उन्होंने शेफाली वर्मा के साथ पहले विकेट के लिए 93 रन जोड़े थे। स्मृति ने टेस्ट मैच के पहले दिन महज 51 गेंदों में 11 चौकों की मदद से अर्धशतक जड़ दिया था। चौथे टेस्ट में जड़ा सैकड़ा अनुभवी ओपनर मंधाना ने अपने चौथे टेस्ट मैच में शतकीय पारी खेली है। इससे पहले मंधाना ने डेब्यू टेस्ट में भी अर्धशतक जड़ा था। इंग्लैंड के खिलाफ साल 2014 में टेस्ट में डेब्यू करने वाली मंधाना ने तीन महीने पहले इंग्लैंड के खिलाफ ब्रिस्टल में 78 रन की बेहतरीन पारी खेली थी।


from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/3D08Q7H

No comments