Breaking News

एशेज के लिए टी20 विश्व कप से बाहर रह सकते हैं स्टीव स्मिथ

मेलबर्न कोहनी की चोट से जूझ रहे ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी बल्लेबाज स्टीव स्मिथ (Steve Smith) ने कहा है कि टेस्ट क्रिकेट उनकी पहली प्राथमिकता है और वह इंग्लैंड के खिलाफ एशेज सीरीज के लिए फिटनेस बनाए रखने की कवायद में टी20 विश्व कप से बाहर रहने को तैयार हैं। बत्तीस वर्ष के स्मिथ ने कोहनी की चोट के कारण वेस्टइंडीज के सीमित ओवरों से दौरे से नाम वापस ले लिया। स्मिथ ने ‘क्रिकेट डॉट कॉम डॉट एयू’ से कहा, ‘विश्व कप में अभी समय है और मैं इस समय फिट होने की राह पर हूं। धीरे-धीरे ही सही पर मैं ठीक हो रहा हूं।’ कोरोना महामारी के कारण टी20 विश्व कप भारत की बजाय अब यूएई और ओमान में 17 अक्टूबर से 14 नवंबर के बीच होगा। एशेज सीरीज आठ दिसंबर से खेली जाएगी। स्मिथ ने कहा, ‘मैं विश्व कप खेलना चाहता हूं लेकिन मेरी नजर में टेस्ट क्रिकेट सर्वोपरि है। मैं एशेज नहीं छोड़ना चाहता और उसमें अपनी सफलता को दोहराना चाहता हूं।’ उन्होंने कहा, ‘अगर इसके लिए विश्व कप से बाहर रहना पड़े तो भी मैं तैयार हूं लेकिन उम्मीद है कि ऐसी नौबत नहीं आएगी।’


from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/3Arq79m

No comments