Breaking News

सागर हत्याकांड: 'सुशील कुमार बोला- पता नहीं यह कैसे हो गया', 14 दिन की हुई जेल

नई दिल्लीयुवा पहलवान सागर राणा हत्याकांड में आरोपी ओलिंपियन सुशील कुमार पर शिकंजा कसता जा रहा है। पुलिस ने उसे रोहिणी कोर्ट में पेश कर रिमांड 3 दिन बढ़ाने की मांग की थी। हालांकि, कोर्ट ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने का फैसला किया है। पेशी के दौरान अभियोजक पक्ष के वकील अतुल श्रीवास्तव ने कोर्ट में सुशील पर जांच में सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कोर्ट को बताया- वह (सुशील कुमार) कह रहा है कि पता नहीं मुझसे यह कैसे हो गया। सब बर्बाद हो गया। श्रीवास्तव ने कोर्ट में कहा कि मारपीट का वीडियो इस मामले में अहम सबूत है। इस वीडियो को बनाने का ध्येय धाक जमाना था। यह वीडियो सभी को भेजने के लिए बनाया गया था, जिससे सुशील कुमार कह सके कि वह कुछ भी कर सकता है। दूसरी ओर, दिल्ली पुलिस ने कहा कि वारदात के वक्त सुशील ने जो कपड़े पहने थे, वह अभी भी नहीं मिला है। मोबाइल नहीं मिला है। इन सब चीजों को रिकवर करने के लिए सुशील की कस्टडी चाहिए। आरोपी को भटिंडा और हरीद्वार लेकर जाना है। वहां अहम सबूत मिल सकते हैं। सुशील का कहना है कि यह सब सामान वहां हो सकता है। कोर्ट में सुशील का डिस्क्लोजर स्टेटमेंट भी पेश किया गया। कोर्ट में जांच अधिकारी ने कहा कि सुशील ने बताया था कि यह संपत्ति विवाद का मामला था। फ्लैट खाली कराने को लेकर झगड़ा हुआ था। साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि इतना बड़ा पहलवान सिर्फ 25 हजार रुपये के लिए अपना करियर बर्बाद क्यों करेगा?


from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/3vGulY2

No comments