Breaking News

क्या 'गंभीर युग' में लौट पाएगी KKR, जानें टीम की मजबूती, कमजोरी और X फैक्टर

नई दिल्लीगौतम गंभीर (Gautam Gambhir) के जाने के बाद कोलकाता नाइटराइडर्स (KKR) के प्रदर्शन में निरंतर गिरावट आयी, लेकिन इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में दो बार की चैंपियन टीम नौ अप्रैल से शुरू होने वाले टूर्नमेंट में सही संयोजन तैयार करके खोया जादू हासिल करने की कोशिश करेगी। यूएई में खेले गए पिछले टूर्नमेंट में सलामी जोड़ी से लेकर मध्यक्रम और फिनिशर तक केकेआर की टीम जूझती हुई नजर आयी। टूर्नमेंट के बीच में कप्तान भी बदला गया लेकिन इससे भी कोई फर्क नहीं पड़ा। वेस्टइंडीज के दो स्टार खिलाड़ियों आंद्रे रसल और सुनील नारायण के नहीं चल पाने के कारण केकेआर गंभीर युग के बाद लगातार दूसरी बार प्लेऑफ में जगह बनाने में असफल रहा था। केकेआर को इस सत्र का अभियान 11 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ चेन्नई में शुरू करना है और टीम पिछली कमजोरियों से सबक लेकर नए सिरे से शुरुआत करने के लिए प्रतिबद्ध होगी। सबसे खास बातइयोन मोर्गन पहली बार पूरे टूर्नमेंट के लिए केकेआर की कप्तानी संभालेंगे। इस तरह से उसके पास सीमित ओवरों की क्रिकेट का सफल कप्तान होगा। इंग्लैंड के विश्व कप विजेता कप्तान ने पिछले साल टूर्नमेंट के बीच में कमान संभाली थी। बाएं हाथ के बल्लेबाज मोर्गन ने स्वयं अच्छा प्रदर्शन किया था तथा 14 पारियों में 418 रन बनाए थे। उन्होंने डेथ ओवरों में लंबे शॉट खेलने के अपने कौशल का भी खुलकर प्रदर्शन किया तथा सर्वाधिक 24 छक्के लगाए थे। X फैक्टरकेकेआर ने निराशाजनक परिणाम के बावजूद अपने 17 खिलाड़ियों को टीम में बनाए रखा लेकिन इस बार कुछ अच्छे खिलाड़ी भी टीम से जोड़े हैं। बांग्लादेश के स्टार ऑलराउंडर शाकिब अल हसन और बेन कटिंग के आने से उन्हें नारायण और रसेल के अच्छे बैकअप मिल गए हैं। दूसरी ओर, टीम में भज्जी हैं और वह चेन्नै में खेल चुके हैं तो उसका टीम को लाभ मिलेगा। मजबूतीकेकेआर के पास प्रसिद्ध कृष्णा के रूप में अच्छा युवा तेज गेंदबाज है लेकिन एक बार फिर से निगाहें ऑस्ट्रेलियाई सुपरस्टार पैट कमिंस पर टिकी रहेंगी। उनका साथ देने के लिए टीम में लॉकी फर्ग्यूसन हैं। कमजोरीकेकेआर की कमजोरी उसका स्पिन विभाग है। बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव पिछले साल पांच मैचों में केवल एक विकेट हासिल कर पाए थे। गंभीर की अगुवाई में 2012 और 2014 की उसकी खिताबी जीत के नायक रहे नारायण भी नहीं चल पा रहे हैं। पिछले साल नारायण को संदिग्ध एक्शन के लिए चेतावनी मिली थी जिसके कारण वह चार मैच नहीं खेल पाए थे। एक अन्य रहस्यमयी स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने नारायण की अनुपस्थिति में जिम्मेदारी संभालकर 17 विकेट लिए थे, लेकिन उनकी फिटनेस चिंता का विषय बनी हुई है। शाकिब और अनुभवी ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह भी दिल्ली और चेन्नई के धीमे विकेटों पर अवसरों का पूरा लाभ उठाना चाहेंगे। गिल और डीके पर निगाहें दिनेश कार्तिक ने कप्तानी छोड़कर अपने खेल पर ध्यान देने का निर्णय किया था और वह 2020 की भरपायी 2021 में पूरी करना चाहेंगे। केकेआर को शुभमन गिल से अच्छी शुरुआत की आवश्यकता होगी। गिल ने पिछली बार शुरू में काफी गेंदें बर्बाद की थी जिससे मध्यक्रम पर दबाव बना था। मोर्गन की अगुवाई वाली टीम को शुरू में ही अच्छा संयोजन तैयार करना होगा, क्योंकि पिछली बार टीम ऐसा करने में असफल रही थी। केकेआर की टीम इस प्रकार है : इयोन मोर्गन (कप्तान), दिनेश कार्तिक, शुभमन गिल, नितीश राणा, टिम सेफर्ट, रिंकू सिंह, आंद्रे रसेल, सुनील नारायण, कुलदीप यादव, शिवम मावी, लॉकी फर्ग्यूसन, पैट कमिंस, कमलेश नागरकोटी, संदीप वारियर, प्रसिद्ध कृष्णा, राहुल त्रिपाठी , वरुण चक्रवर्ती, शाकिब अल हसन, शेल्डन जैक्सन, वैभव अरोड़ा, हरभजन सिंह, करुण नायर, बेन कटिंग, वेंकटेश अय्यर और पवन नेगी।


from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/3cMyBOB

No comments