IPL 2022 Auction List: आईपीएल 2022 की नीलामी के लिए लिस्ट जारी, किस टीम के पास कितना बजट
मुंबई: इंडियन प्रीमियर लीग 2022 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी लिस्ट जारी हो गई है। कुल 590 खिलाड़ियों पर बोली लगेगी। इस बार की नीलामी दो दिन चलेगी। 12 और 13 फरवरी को बेंगुलरु में खिलाड़ियों की नीलामी होगी। यह आईपीएल का 15वां सीजन होगा और क्रिकेट की दुनिया के कई बड़े सितारे इस अहम टूर्नमेंट में भाग लेंगे। सर 1217 खिलाड़ी ने नाम रजिस्टर कराया था, 590 शॉर्ट लिस्ट हुए हैं। उसमें से 228 कैप्टड खिलाड़ी हैं और 355 अनकैप्टड खिलाड़ी हैं। सात खिलाड़ी असोसिएट देशों से भी संबंधित हैं। भारत की ओर से कई बड़े नाम जैसे- श्रेयस अय्यर, शिखर धवन, आर. अश्विन, मोहम्मद शमी, ईशान किशन, अजिंक्य रहाणे, सुरेश रैना, युजवेंद्र चहल, वॉशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर, ईशांत शर्मा, उमेश यादव आदि इस बार की नीलामी में हिस्सा लेंगे। कुल 10 फ्रैंचाइजी टीमें- चेन्नै सुपर किंग्स, दिल्ली कैपिटल्स, मुंबई इंडियंस, कोलकाता नाइट राइडर्स, पंजाब किंग्स, राजस्थान रॉयल्स, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, सनराइजर्स हैदराबाद, लखनऊ सुपर जायंट्स और अहमदाबाद टीम इसमें शामिल होंगी। इसके साथ ही क्रिकेट की दुनिया के बड़े नाम जैसे- फाफ डु प्लेसिस, डेविड वॉर्नर, पैट कमिंस, कागिसो रबाडा, ट्रेंट बोल्ट, क्विंटन डि कॉक, जॉनी बेयरस्टो, जेसन होल्डर, ड्वेन ब्रावो, शाकिब अल हसन, वानिंडु हसरंगा भी शामिल होंगे। 2 करोड़ रुपये सबसे ज्यादा रिजर्व कीमत है और कुल 48 खिलाड़ियों ने खुद को इस ब्रैकेट में रखा है। वहीं 20 खिलाड़ी 1.5 करोड़ रुपये के ब्रैकेट में हैं। 34 खिलाड़ी एक करोड़ रुपये के रिजर्व प्राइस में हैं। विदेशी खिलाड़ियों में ऑस्ट्रेलिया के सबसे ज्यादा 47 नाम हैं। वहीं वेस्टइंडीज के 34 और दक्षिण अफ्रीका के 33 खिलाड़ी हैं। एसोसिएट देशों में नामीबिया के तीन, स्कॉटलैंड के 2 और नेपाल का एक खिलाड़ी है। एक टीम में अधिकतम 25 खिलाड़ी हो सकते हैं, जिसमें विदेशी खिलाड़ी की अधिकतम संख्या 8 हो सकती है। 10 टीमों ने 33 खिलाड़ियों को रिटेन या ड्राफ्ट किया है यानी नीलामी में अधिकतम 217 खिलाड़ी बिक सकते हैं। कोलकाता ने दो और पंजाब ने एक विदेशी खिलाड़ी को नीलामी से पहले अपने साथ रखा है, अन्य सभी टीमों ने 1-1 खिलाड़ी। नीलामी में अधिकतम 70 विदेशी खिलाड़ियों को फ्रेंचाइजी खरीद सकती हैं। पंजाब किंग्स के पर्स में सबसे ज्यादा 72 और दिल्ली के पर्स में सबसे कम 47.5 करोड़ रुपए हैं। एक फ्रेंचाइजी की कुल पर्स वैल्यू 90 करोड़ रुपए है।
from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/iptZnLody
No comments