Breaking News

एशियन गोल्ड मेडलिस्ट और 'महाभारत' में भीम का किरदार निभाने वाले प्रवीण कुमार सोबती का निधन

नई दिल्ली: एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी और लोकप्रिय टेलीविजन धारावाहिक ‘‘महाभारत’’ में भीम (Mahabharat Bheem) का किरदार निभाने वाले अभिनेता (Praveen Kumar) का हृदय गति रुक जाने से निधन हो गया। वह 74 वर्ष के थे। अभिनेता ने सोमवार देर रात को दिल्ली में अशोक विहार स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। उनके परिवार में पत्नी, बेटी, दो छोटे भाई और एक बहन है। प्रवीण कुमार के एक रिश्तेदार ने बताया, ‘उन्हें छाती में संक्रमण की समस्या थी। सोमवार की रात को जब उन्हें बेचैनी होने लगी, तो हमने डॉक्टर को घर पर बुलाया। हृदय गति रुक जाने के कारण रात सवा दस बजे से साढ़े दस बजे के बीच उनका निधन हो गया।’ प्रवीण कुमार अभिनेता होने के साथ एक उच्च कोटि के एथलीट भी थे। प्रवीण ने विभिन्न अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक प्रतियोगिताओं में हैमर थ्रो और डिस्कस थ्रो स्पर्धा में देश का प्रतिनिधित्व किया और एशियाई खेलों में चार पदक भी जीते। प्रवीण ने 1966 और 1970 के एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक भी जीता था। उन्होंने 1966 के राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान हैमर थ्रो में रजत पदक भी जीता था। निर्माता - निर्देशक बी आर चोपड़ा के लोकप्रिय टेलीविजन धारावाहिक ‘महाभारत’ में भीम के किरदार से उन्हें बहुत प्रसिद्धि मिली और इसके बाद उन्होंने कई फिल्मों में भी काम किया। ‘‘महाभारत’’ 1988 में दूरदर्शन पर प्रसारित हुआ था।


from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/aJvmKug

No comments