Breaking News

IPL में आने वाले हैं दो धांसू खिलाड़ी, एक ऑस्ट्रेलियाई तो दूसरा कैरेबियाई, हो सकती है पैसों की बारिश!

मेलबर्न: ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज बेन मैकडरमोट और वेस्टइंडीज के हरफनमौला रोमारियो शेफर्ड को अपने हालिया प्रभावशाली प्रदर्शन से पहली बार इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का करार हासिल करने की उम्मीद है। इन दोनों खिलाड़ियों के लिए पिछले सत्र में किसी भी फ्रेंचाइजी ने बोली नहीं लगाई थी। मैकडरमोट ने बिग बैश लीग के सत्र में अच्छा प्रदर्शन किया है और सोमवार को वह ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुने गए। अगले महीने श्रीलंका के खिलाफ श्रृंखला के लिए ऑस्ट्रेलिया की टी-20 टीम में भी उनकी वापसी हुई है। इस 27 साल के खिलाड़ी ने बीबीएल के इस सत्र में सबसे ज्यादा 577 रन बनाए है, इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 153.86 का रहा है। ऑस्ट्रेलिया के लिए 17 टी-20 अंतरराष्ट्रीय और दो एकदिवसीय खेल चुके मैकडरमोट ने क्रिकेट डॉट कॉम डॉट एयू से कहा, 'इसमें (आईपीएल नीलामी में बोली लगाना) अब मैं बहुत कुछ नहीं कर सकता, यह उन लोगों पर निर्भर हैं जो इसके प्रभारी हैं।' उन्होंने कहा, 'मैं उत्साहित हूं। यह हमेशा एक रोमांचक समय होता है, मुझे याद है कि पिछले साल रिले मेरेडिथ के लिए बड़ी रकम की बोली लगी थी। उस समय हम न्यूजीलैंड में पृथकवास के दौरान होटल के कमरों से उसे देख रहे थे।’ पिछले साल, रिले मेरेडिथ (आठ करोड़ रुपये) और झाय रिचर्डसन (14 करोड़ रुपये) की ऑस्ट्रेलियाई की तेज गेंदबाजों की जोड़ी ने बीबीएल के सफल सत्र के बाद पंजाब किंग्स के साथ बड़ी रकम में करार किया था। शेफर्ड ने रविवार को ब्रिजटाउन में दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय में इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी ओवर में तीन छक्के और दो चौके जड़े थे। उनकी 28 गेंद में 44 रन की नाबाद पारी के बाद भी उनकी टीम हालांकि एक रन से मैच हार गई थी। इस 27 साल के हरफनमौला ने अपनी पारी में पांच छक्के और चार चौके जड़े और गेंदबाजी के दौरान भी एक विकेट लिया था। उन्होंने ‘ईएसपीनक्रिकइंफो’ से कहा, ‘मेरे हाथ में अभी जो है, मैं उसी पर ध्यान देने की कोशिश कर रहा हूं।’ शेफर्ड नीलामी के लिए 75 लाख रुपये की सूची में शामिल है। उन्होंने कहा, ‘अगर कोई आईपीएल अनुबंध मिलता है, तो यह मेरे लिए बहुत अच्छा होगा। मैं यह नहीं कह रहा हूं कि मैं इसके बारे में नहीं सोचता, मैं इसके बारे में सोचता हूं, लेकिन मैं मैच के दौरान इसके बारे में नहीं सोचने की कोशिश करता हूं। मैं सिर्फ खेल पर ध्यान केंद्रित करता हूं।’


from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/3qYepk5

No comments