Breaking News

हाशिम अमला ने बताया क्यों साउथ अफ्रीका पर भारी है टीम इंडिया

जोहानिसबर्ग साउथ अफ्रीका के दिग्गज बल्लेबाज का कहना है कि भारतीय टीम का बेहतर सामूहिक अनुभव सेंचुरियन में सीरीज के पहले मैच में उसकी आसान जीत के महत्वपूर्ण कारणों में से एक रहा। सुपरस्पोर्ट पार्क में खेले गए पहले टेस्ट में भारत ने साउथ अफ्रीका को 113 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल की। अमला ने क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका की वेबसाइट से कहा, ‘यह उचित परिणाम था। वे (भारत) पिछले दो वर्षों में एक मजबूत टीम के रूप में उभरे हैं। उनके पास सामूहिक रूप से अधिक अनुभव है और जब आपके पास बचाव के लिए मजबूत स्कोर होता है तो यह हमेशा बड़ा अंतर पैदा करता है।’ साउथ अफ्रीका के पास केवल कप्तान डीन एल्गर, क्विंटन डिकॉक, कागिसो रबाडा और लुंगी एनगिडी ही अनुभवी खिलाड़ी हैं। अमला ने कहा भारत की पहली पारी में बड़ी बढ़त ने मैच के परिणाम में अंतर पैदा किया। उन्होंने कहा, ‘सेंचुरियन में खेल आगे बढ़ने के साथ बल्लेबाजी करना मुश्किल हो जाता है। इसलिए जब भारत ने टॉस जीता, पहले बल्लेबाजी की और 300 रन से अधिक रन बनाए तो तब पूरी जिम्मेदारी साउथ अफ्रीकी बल्लेबाजों पर आ गई थी।’ अमला ने कहा, ‘पहली पारी में 130 रन से पिछड़ने से उन्हें झटका लगा और आखिर में इसने अंतर पैदा किया।’ अपने टेस्ट करियर में 124 मैचों में 28 शतकों के साथ 46.64 की औसत से 9282 रन बनाने वाले 38 वर्षीय अमला ने टेस्ट के पहले दिन शानदार बल्लेबाजी करने के लिये भारतीय बल्लेबाजों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, ‘पहले दिन पिच बल्लेबाजी के लिए सर्वश्रेष्ठ लग रही थी और श्रेय भारतीयों को जाता है। उन्होंने अनुशासित क्रिकेट खेला।’


from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/3pKNZlb

No comments