4,4,6,6,6 आखिरी ओवर में बने 28 रन, फिर भी इंग्लैंड से हारा वेस्टइंडीज
ब्रिजटाउन आखिरी ओवर में जीतने के लिए वेस्टइंडीज को 30 रन बनाने थे। 29 रन पर मैच टाई हो जाता। इंग्लैंड के 172 रन के टारगेट का पीछे करने उतरी कैरेबियाई टीम आखिरी तक डटी रही, लेकिन दो चौके, तीन छक्के और दो वाइड बॉल के साथ 28 रन ही बन पाए। इस तरह दूसरे टी मैच में वेस्टइंडीज सिर्फ एक रन से चूक गया और इंग्लैंड ने पांच मैचों की श्रृंखला में 1-1 से बराबरी कर ली। एशेज श्रृंखला में 4-0 से हार के बाद इंग्लैंड को यहां पहले टी-20 में वेस्टइंडीज ने नौ विकेट से मात दी थी। दूसरे टी-20 में पहले बल्लेबाजी के लिए भेजे जाने पर इंग्लैंड ने आठ विकेट पर 171 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज जेसन रॉय ने 31 गेंद में 45 रन का योगदान दिया, इसके बाद वेस्टइंडीज ने लक्ष्य का पीछा करते हुए सात विकेट 13 ओवर में 78 रन के स्कोर पर गंवा दिए। एक समय उसका स्कोर आठ विकेट पर 111 रन था और उसे तीन ओवर में 60 रन बनाने थे। वेस्टइंडीज के दसवें नंबर के बल्लेबाज अकील हुसैन ने साकिब महमूद को आखिरी तीन गेंद पर लगातार तीन छक्के जड़े। वह 16 गेंद में तीन चौकों और चार छक्कों की मदद से 44 रन बनाकर नाबाद रहे। हरफनमौला खिलाड़ी रोमारियो शेफर्ड 28 गेंद में एक चौके और पांच छक्कों की मदद से 44 रन बनाकर अविजित रहे। दोनों ने 29 गेंद में 72 रन की साझेदारी की। आखिरी ओवर में 30 रन चाहिए थे और हुसैन ने तीन छक्के लगाकर एकतरफा मैच को रोमांचक बना दिया। वह हालांकि एक रन से चूक गए। इंग्लैंड के लिए मोईन अली ने चार ओवर में 24 रन देकर तीन विकेट लिए। तीसरा टी-20 मैच बुधवार को खेला जाएगा।
from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/3FUSXRc
No comments