Breaking News

मयंक की वापसी में 'गुरु' द्रविड़ ने कैसे की मदद, जानिए भारतीय ओपनर की जुबानी

सेंचुरियन भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल कहना है कि टीम से दूर रहने के दौरान उन्होंने अपने खेल के मानसिक पहलू को समझने पर काम किया। मयंक का कहना है कि इस चीज पर कोच राहुल द्रविड़ भी हमेशा जोर देते हैं और इससे उन्हें वापसी में काफी मदद मिली। कर्नाटक के 30 वर्षीय अग्रवाल कनकशन (सिर में चोट) के कारण इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट से बाहर हो गए थे और उसके बाद टीम में जगह गंवा दी थी। उन्होंने हाल ही में विश्व टेस्ट चैम्पियन न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में 150 और 62 रन बनाकर वापसी की। उन्होंने सलामी बल्लेबाज और भारत के उपकप्तान के एल राहुल से बातचीत के दौरान कहा , 'यह नई शुरूआत नहीं है। पिछले एक साल मैं खुद को समझने की कोशिश करता रहा और यह जानने की भी कि मेरी ताकत और कमजोरियां क्या है।' बीसीसीआई टीवी पर डाले गए इस वीडियो में उन्होंने कहा , 'मुझे वापसी करके अच्छा प्रदर्शन कर पाने की खुशी है और आगे भी इस लय को कायम रखूंगा। खुद को समझने की प्रक्रिया में द्रविड़ के योगदान के बारे में पूछने पर अग्रवाल ने कहा , 'वह हमेशा खुद को समझने और मानसिक पहलू पर काम करने की बात करते हैं। उस पर काम करने से सफलता हासिल करने के मौके बढ जाते हैं। वह अच्छी तैयारी पर बल देते हैं। हमने यहां अच्छा अभ्यास किया है और टेस्ट मैच का इंतजार है।' भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच 3 मैचों की टेस्ट सीरीज का अगाज 26 दिसंबर से सेंचुरियन में होगा। दोनों टीमें टेस्ट सीरीज के बाद वनडे सीरीज में आमने सामने होंगी। वनडे सीरीज में भी 3 मैच खेले जाएंगे।


from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/3mw3Xh4

No comments