Breaking News

बबल की थकान से परेशान जसप्रीत बुमराह, बोले कभी-कभी आपको ब्रेक की जरूरत होती है

दुबई कोविड-19 वैश्विक महामारी के चलते जो बायो-बबल बनाया गया है उसमें रहने की थकान का असर अब भारतीय टीम पर नजर आने लगा है। खिलाड़ी लगातार छह महीने से घर से बाहर हैं और लगातार खेल रहे हैं। इसका असर टीम इंडिया पर पड़ रहा है। भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने रविवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ मिली हार के बाद यह बात कही। भारतीय टीम को ग्रुप 2 के अपने मैच में न्यूजीलैंड के हाथ आठ विकेट से हार का सामना करना पड़ा इसके बाद वह अंक तालिका में पांचवें स्थान पर खिसक गई है। भारत के सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें काफी कम हो गई हैं। उसके तीन मैच बाकी हैं लेकिन उन्हें जीतने के बाद भी अंतिम चार में उसका पहुंचना बहुत मुश्किल है। खिलाड़ी इस साल अप्रैल से हुए इंडियन प्रीमियर लीग के पहले चरण से ही लगातार बायो-बबल में हैं। भारत ने आईपीएल के दूसरे चरण से पहले इंग्लैंड का दौरा किया था। टीम ने वहां वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल खेला और उसके बाद इंग्लैंड में चार टेस्ट मैच खेले। इसके बाद टीम यूएई में आईपीएल का दूसरा चरण खेलने आ गई। यह टी20 वर्ल्ड कप से एक सप्ताह पहले ही समाप्त हुआ। बुमराह ने पत्रकारों को बताया, 'बेशक, कई बार आपको ब्रेक की जरूरत होती है। आपको परिवार की कमी का अहसास होता है। आप लगातार छह महीने से बाहर हैं।' बुमराह ने कहा, 'तो, यह सब आपके दिमाग में चलता रहता है। लेकिन जब आप मैदान पर उतरते हैं तो ये सब बातें नहीं सोचते। बेशक, बबल में रहना और परिवार से इतने लंबे समय तक दूर रहने का असर तो पड़ता ही है।' भारतीय पेसर ने आगे कहा, 'BCCI ने हमें सहज बनाने का प्रयास किया है। यह मुश्किल वक्त है। वैश्विक महामारी का दौर है। तो कई बार हम बबल की थकान के साथ तालमेल बैठाने की कोशिश करते हैं। इस बीच मानसिक थकान भी परेशान करती है।'


from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/3bwUmAJ

No comments