Breaking News

कोच द्रविड़ की दरियादिली, सपोर्टिंग विकेट तैयार करने वाले ग्राउंड्समैन को दिए 35, 000 रुपये

कानपुर भारतीय क्रिकेट टीम के नए कोच राहुल द्रविड ने शिव कुमार की अगुआई में ग्रीन पार्क मैदान में बेहतरीन पिच तैयार करने वाले कर्मचारियों को 35,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि से सम्मानित किया। भारत में जन्मे एजाज पटेल और रचिन रविन्द्र ने सोमवार को शानदार संयम का परिचय देते हुए अंतिम विकेट बचाकर मेजबान टीम के खिलाफ न्यूजीलैंड को हार से बचा लिया। उत्तर प्रदेश क्रिकेट संघ (यूपीसीए) ने खेल के बाद प्रेस बॉक्स में घोषणा की, 'हम एक आधिकारिक घोषणा करना चाहते हैं। राहुल द्रविड़ ने हमारे मैदान कर्मियों को व्यक्तिगत रूप से 35,000 रुपये दिये हैं।' अपने समय में द्रविड़ को निष्पक्ष खेल भावना के लिए जाना जाता था। मैदानकर्मियों को मिली प्रोत्साहन राशि इस बात का प्रतीक था कि पिच में मैच के पांचों दिन गेंदबाजों और बल्लेबाजों के लिए कुछ था। इस पिच पर जहां शानदार तकनीक दिखाने वाले श्रेयस अय्यर, शुभमन गिल, टॉम लैथम और विल यंग जैसे बल्लेबाजों ने रन बनाए तो वहीं टिम साउदी और काइल जैमीसन जैसे तेज गेंदबाजों ने भारत के शीर्ष क्रम को परेशान किया। पिच से भारतीय स्पिनरों को भी मदद मिली। रचिन और ऐजाज ने भारत की मुंह से छीनी जीत न्यूजीलैंड के लिए अपना पहला टेस्ट खेल रहे रचिन रविंद्र और ऐजाज पटेल ने जबर्दस्त साहस और संयम का परिचय देते हुए अंतिम विकेट बचाकर भारत को तय लग रही जीत से वंचित कर दिया और पहला टेस्ट पांचवें और आखिरी दिन ड्रॉ पर छूटा। जीत के लिए 284 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड टीम ने नौ विकेट पर 165 रन बनाए। भारत ने पहली पारी में 345 रन बनाए थे जबकि दूसरी पारी सात विकेट पर 234 रन पर घोषित की थी। न्यूजीलैंड की टीम पहली पारी में 296 रन पर आउट हुई थी। पांचवें और आखिरी दिन पहले सत्र में जहां कीवी बल्लेबाजों का दबदबा रहा तो दूसरे सत्र में भारत ने तीन विकेट लेकर वापसी की। रविचंद्रन अश्विन और रविंद्र जडेजा ने क्रमश: तीन और चार विकेट लेकर भारत की जीत लगभग तय कर ही दी थी लेकिन रविंद्र और ऐजाज ने अंगद की तरह क्रीज पर पांव धरकर मेजबान के मंसूबों पर पानी फेर दिया।


from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/3Ege4x6

No comments