Breaking News

फ्रेंच ओपन के सेमीफाइनल में हारीं पीवी सिंधु, बढ़त नहीं रख पाईं कायम

पैरिस भारत की दो बार की ओलिंपिक पदक विजेता शनिवार को यहां महिला एकल सेमीफाइनल में जापान की सयाका तकाहाशी से तीन गेम तक चले संघर्षपूर्ण मैच में हारकर फ्रेंच ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट से बाहर हो गईं। हैदराबाद की 26 वर्षीय खिलाड़ी पहला गेम जीतने का फायदा नहीं उठा पाईं और विश्व में 15वें नंबर की तकाहाशी से 21-18, 16-21, 12-21 से हार गईं। सिंधु को इस तरह से 29 वर्षीय जापानी खिलाड़ी से आठ मुकाबलों में चौथी हार का सामना करना पड़ा। मौजूदा विश्व चैंपियन सिंधु पिछले सप्ताह ओडेन्से में डेनमार्क ओपन के क्वॉर्टर फाइनल में हार गयी थी। विश्व में सातवें नंबर की भारतीय खिलाड़ी ने सकारात्मक अंदाज में शुरुआत की। दोनों खिलाड़ी पहले गेम में एक समय 5-5 और फिर 9-9 से बराबरी पर थी। जापानी खिलाड़ी हालांकि ब्रेक के समय 11-10 से आगे थी। सिंधु ने ब्रेक के बाद वापसी की और 17-16 से आगे हो गईं। सिंधु के पास इसके बाद चार गेम प्वाइंट थे जिसमें उन्होंने दो गंवाए लेकिन तीसरे पर पहला गेम अपने नाम करने में सफल रही। दूसरे गेम में भी सिंधु ने शुरू में अपनी लय बनाये रखी थी। वह एक समय 5-2 से आगे थे लेकिन तकाहाशी ने जल्द ही स्कोर 6-6 से बराबरी पर ला दिया। सिंधु ने शानदार रक्षण दिखाया और कुछ करारे शॉट जमाकर 9-6 से बढ़त बनाई और ब्रेक तक खुद को आगे रखा। लेकिन ब्रेक के बाद सिंधु ने लगातार गलतियां कीं जिससे जापानी खिलाड़ी 13-12 से आगे हो गईं। तकाहाशी ने जल्द ही 18-14 से बढ़त बनायी और फिर मैच को निर्णायक गेम तक खींच दिया। तीसरे गेम में भी दोनों खिलाड़ियों ने शुरू में एक दूसरे को कड़ी चुनौती दी लेकिन खेल आगे बढ़ने के साथ तकाहाशी ने दबदबा बनाना शुरू कर दिया। वह ब्रेक तक 11-6 से आगे थी। उन्होंने यह बढ़त आखिर तक बनाए रखी और नौ मैच प्वाइंट हासिल किए। सिंधु इनमें से केवल एक का बचाव कर पाई।


from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/3bqGeJ6

No comments