Breaking News

सिर्फ एक चीज में कर लें सुधार तो रहाणे लगाएंगे रनों का अंबार, वीवीएस लक्ष्मण ने दी भारतीय बल्लेबाज को सलाह

नई दिल्ली भारतीय टीम के पूर्व बल्लेबाज ने अजिंक्य रहाणे की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि रहाणे भारतीय बल्लेबाजी क्रम का अहम हिस्सा हैं। लक्ष्मण ने कहा, 'मुझे लगता है कि रहाणे टीम इंडिया के बल्लेबाजी क्रम का अहम हिस्सा हैं। मुझे याद है कि उन्होंने लॉर्ड्स या मेलबर्न जैसी विदेशी पिचों पर कैसा प्रदर्शन किया है। इसके साथ ही उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ भी शानदार बल्लेबाजी की थी। ' भारतीय टीम के इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज की शुरुआत बुधवार से हो रही है। भारतीय टीम दौरे पर पहले ही कई परेशानियों से गुजर रही है। सीरीज शुरू होने से पहले ही उसके कई खिलाड़ी चोटिल हो चुके हैं। शुभमन गिल, आवेश खान और वॉशिंगटन सुंदर के बाद अब मयंक अग्रवाल भी चोटिल हो गए हैं। अग्रवाल पहले टेस्ट से बाहर हो चुक हैं और ऐसे में सीनियर खिलाड़ियों पर दबाव काफी बढ़ गया है। स्टार स्पोर्टस के कार्यक्रम गेम प्लान से बात करते हुए वीवीएल लक्ष्मण ने कहा, 'रहाणे टीम इंडिया के लिए शानदार हैं। जब भी वह बल्लेबाजी करने उतरते हैं वह रन बनाते हैं। वह विपक्षी गेंदबाजी आक्रमण पर हावी रहते हैं।' हालांकि लक्ष्मण ने रहाणे की एक कमी की ओर भी इशारा किया। उन्होंने कहा, 'एक बात मुझे लगती है। मेरा मानना है कि शॉर्ट पिच गेंदबाजी के खिलाफ रहाणे को अपनी योजना में सुधार करना चाहिए।' लक्ष्मण ने न्यूजीलैंड के खिलाफ जून में हुए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल का जिक्र किया। उन्होंने कहा, 'अगर आप उस मैच को देखें तो पाएंगे कि यह उनके गेम प्लान का हिस्सा था कि उन्होंने रहाणे को लगातार शॉर्ट पिच गेंदबाजी की। और रहाणे के पास इसके लिए सिर्फ एक ही विकल्प है कि वह पुल कर सकते हैं। लेकिन जब आप इस स्तर पर क्रिकेट खेलते हैं तो आपको यह अंदाजा होना चाहिए कि किस गेंद को पुल करना है और किस गेंद को जाने देना है।' लक्ष्मण ने यकीन दिलाया कि अगर रहाणे अपनी इस एक कमी पर काम कर कर लें तो निश्चित तौर पर वह अच्छा प्रदर्शन करेंगे।


from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/3ys1YOU

No comments