पैरालिंपिक में रजत जीतने वाली भाविना पर धनवर्षा, 3 करोड़ रुपये देगी गुजरात सरकार
अहमदाबादगुजरात सरकार ने तोक्यो पैरालिंपिक (Tokyo Paralympics) खेलों में रविवार को एतिहासिक रजत पदक जीतने वाली टेबल टेनिस खिलाड़ी भाविना पटेल (Bhavinaben Patel) को तीन करोड़ रुपये का इनाम देने की घोषणा की। गुजरात के मेहसाणा जिले के सुंधिया गांव की रहने वाली भाविना ने अपने पहले पैरालिंपिक खेलों में चीन की विश्व की नंबर एक खिलाड़ी यिंग झोउ से 0-3 से हारकर रजत पदक हासिल किया। वह दीपा मलिक (रियो पैरालिंपिक, 2016) के बाद इन खेलों में पदक जीतने वाली दूसरी भारतीय महिला खिलाड़ी हैं। गुजरात के मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया, 'मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने गुजरात के मेहसाणा जिले की बेटी भाविना पटेल को पैरालिंपिक खेलों में टेबल टेनिस में शानदार उपलब्धियों से देश को गौरवान्वित करने के लिए बधाई दी है।' उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने अपने खेल कौशल से गुजरात और भारत को वैश्विक स्तर पर गौरवान्वित करने के लिए राज्य सरकार की 'दिव्यांग खेल प्रतिभा प्रोत्साहन पुरस्कार योजना' के तहत भाविना को प्रोत्साहन के रूप में तीन करोड़ रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है। बारह महीने की उम्र में पोलियो की चपेट में आने वाली भाविना दो बार की स्वर्ण पदक विजेता झाउ के खिलाफ 19 मिनट में 7-11, 5-11, 6-11 से हार गई। वह हालांकि भारत को मौजूदा पैरालिंपिक खेलों का पहला पदक दिलाने में सफल रहीं।
from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/3zuib6t
No comments