Breaking News

भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज में चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे इंग्लैंड के ओली रॉबिन्सन

लंदन इंग्लैंड के तेज गेंदबाज ओली रॉबिन्सन को शनिवार को तुरंत प्रभाव से क्रिकेट खेलने की अनुमति मिल गई है। उन पर भेदभावपूर्ण ट्वीट को लेकर लगाया गया निलंबन पूरा हो गया है। वह भारत के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की श्रृंखला के लिए उपलब्ध होंगे। रॉबिन्सन पर 3200 पाउंड का जुर्माना भी लगाया गया था। एक स्वतंत्र पैनल क्रिकेट अनुशासन आयोग ने 30 जून को मामले की सुनवाई की। ईसीबी ने एक बयान में कहा , 'रॉबिन्सन ने 2012 से 2014 के बीच किए गए कई अपमानजनक ट्वीट को लेकर ईसीबी के दिशा निर्देश 3.3 और 3.4 के उल्लंघन की बात स्वीकार की थी। उस समय वह 18 और 20 वर्ष के थे।' इसमें कहा गया , '30 जून को सुनवाई के बाद पैनल ने तय किया कि उन पर आठ मैचों का निलंबन लगाया जाए जिनमें से पांच दो साल के लिए निलंबित होंगे।' पैनल ने इंग्लैंड टीम से रॉबिन्सन के निलंबन और वाइटलिटी ब्लास्ट के दो मैचों को गिना। उसके बाद उन्हें खेलने की अनुमति दी गई। पैनल के अध्यक्ष मार्क मिलिकेन स्मिथ थे जबकि क्लेयर टेलर और अनुराग सिंह इसके दो सदस्य थे। रॉबिन्सन ने कहा , 'मैं उन ट्वीट को लेकर शर्मिंदा हूं और माफी मांग चुका हूं। मेरे पेशेवर कैरियर में मेरे और परिवार के लिए यह सबसे कठिन समय था। मैं इससे आगे बढ़ना चाहता हूं और अपने अनुभव से दूसरों की मदद करना चाहता हूं।' भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टेस्ट मैचों की श्रृंखला चार अगस्त से शुरू होगी।


from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/2SJoTW3

No comments