मेसी के 76वें इंटरनैशनल गोल के दम पर अर्जेंटीना शान से कोपा अमेरिका सेमीफाइनल में
रियो डी जेनेरियो लियोनेल मेसी के 76वें अंतरराष्ट्रीय गोल की मदद से अर्जेंटीना ने इक्वाडोर को 3-0 से करारी शिकस्त देकर कोपा अमेरिका फुटबॉल टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया जहां उसका सामना कोलंबिया से होगा। मेसी ने शनिवार को खेले गए मैच में अर्जेंटीना की तरफ से तीसरा गोल किया और इससे पहले के दोनों गोल करने में भी मदद की। वह अब दक्षिण अमेरिका से सर्वाधिक गोल करने के पेले के रेकॉर्ड की बराबरी करने से केवल एक गोल पीछे हैं। इस जीत ने मेसी ने पहला बड़ा अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट जीतने की उम्मीदें भी जीवंत रखी हैं। अर्जेंटीना मंगलवार को सेमीफाइनल में कोलंबिया से भिड़ेगा जिसने एक अन्य मैच में उरूग्वे को पेनल्टी शूटआउट में हराया। दूसरा सेमीफाइनल ब्राजील और पेरू के बीच खेला जाएगा। गोइनिया के ओलंपिको स्टेडियम में खेले गये मैच में रोड्रिगो डि पॉल ने 39वें मिनट में पहला गोल दागा। लॉटारो मार्टिनेज ने 84वें मिनट में दूसरा गोल किया। बार्सिलोना से अनुबंध समाप्त होने के बाद अपना पहला मैच खेल रहे मेसी ने इन दोनों गोल को करने में मदद की। मेसी ने मैच के अंतिम क्षणों में फ्री किक पर अर्जेंटीना की तरफ से तीसरा गोल किया। यह टूर्नामेंट में उनका चौथा गोल है। अर्जेंटीना की जीत का अंतर इससे भी बेहतर होता लेकिन उसने गोल करने के कई मौके गंवाए जिसमें टीम आगे के महत्वपूर्ण मैच से पहले सुधार करना चाहेगी।
from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/2V6OI3l
No comments