Breaking News

WTC-2 में बदला पॉइंट सिस्टम, प्रत्येक मैच जीतने के लिए समान अंक देगा ICC

नई दिल्ली अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) दूसरी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) चक्र के दौरान प्रत्येक मैच जीतने के लिए 12 अंक देगा। WTC के दूसरे चक्र की शुरुआत भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के साथ होगी। मुकाबला टाई होने पर दोनों टीमों को छह जबकि ड्रॉ होने की स्थिति में चार-चार अंक मिलेंगे। आईसीसी के अंतरिम सीईओ ज्यौफ अलार्डिस ने इसी महीने मीडिया से बात करते हुए कहा था कि अंक प्रणाली में बदलाव किया जाएगा।आईसीसी बोर्ड के सदस्य ने बताया, ‘पहले प्रत्येक सीरीज के समान 120 अंक होते थे, फिर चाहे यह दो टेस्ट की सीरीज हो या पांच टेस्ट की। अगले चक्र में प्रत्येक मैच के समान अंक होंगे- अधिकतम 12 प्रति मैच।’ उन्होंने कहा, ‘टीमों ने मैच खेलकर जो अंक हासिल किए हैं उनके प्रतिशत अंकों के आधार पर टीमों की रैंकिंग तय होगी।’ आगामी हफ्तों में आईसीसी के मुख्य कार्यकारियों की समिति बैठक में अंक प्रणाली में बदलाव को स्वीकृति दी जानी है। बोर्ड के सदस्य ने कहा, ‘लक्ष्य यह है कि पॉइंट सिस्टम को सरल बनाने का प्रयास किया जाए और किसी भी समस्य तालिका में टीमों की सार्थक तुलना की जा सके, फिर भले ही उन्होंने अलग संख्या में मैच और सीरीज क्यों नहीं खेली हो।' जून 2023 में खत्म होने वाले दूसरे चक्र में भारत-इंग्लैंड सीरीज के अलावा इस साल होने वाली एशेज सीरीज ही पांच मैचों की एकमात्र सीरीज होगी। अगले साल ऑस्ट्रेलिया का भारत दौरा आगामी चक्र में चार टेस्ट की एकमात्र सीरीज होगी। सभी नौ टीमों में से प्रत्येक टीम कुल छह सीरीज खेलेंगी जिसमें से तीन स्वदेश और तीन विरोधी के मैदान पर होंगी जैसा कि पिछले सत्र में भी हुआ। WTC के पहले चक्र के फाइनल में न्यूजीलैंड ने भारत को हराकर खिताब जीता। ईएसपीएनक्रिकइंफो के अनुसार दूसरे चक्र में इंग्लैंड की टीम सर्वाधिक 21 टेस्ट खेलेगी जबकि उसके बाद भारत (19), ऑस्ट्रेलिया (18) और साउथ अफ्रीका (15) का नंबर आता है। न्यूजीलैंड, वेस्टइंडीज और श्रीलंका की टीमें 13 जबकि पाकिस्तान 14 टेस्ट खेलेगा।


from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/3AdNDa4

No comments