Breaking News

सुमित नागल की हार के साथ फ्रेंच ओपन क्वॉलिफाइंग में भारतीय चुनौती खत्म

पेरिस भारत के शीर्ष खिलाड़ी सुमित नागल भी फ्रेंच ओपन क्वॉलिफायर्स के दूसरे दौर में सीधे सेटों में हार के कारण इस ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट के मुख्य ड्रॉ में जगह नहीं बना पाए। हरियाणा के इस युवा खिलाड़ी को क्ले कोर्ट के इस प्रमुख टूर्नामेंट के क्वॉलिफाइंग मुकाबले में चिली के अलेजांद्रो ताबिलो से 3—6, 3—6 से हार का सामना करना पड़ा। यह मुकाबला डेढ़ घंटे तक चला जिसमें नागल ने विश्व रैंकिंग में अपने से 23 पायदान नीचे 146वें स्थान पर काबिज ताबिलो की दो बार सर्विस तोड़ी लेकिन इस बीच उन्होंने पांच बार अपनी सर्विस भी गंवाई। इस 23 वर्षीय खिलाड़ी की हार के साथ ही भारत का क्वॉलिफायर्स में अभियान भी समाप्त हो गया। रामकुमार रामनाथन, प्रजनेश गुणेश्वरन और अंकिता रैना पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे। रोहन बोपन्ना और दिविज शरण अब फ्रेंच ओपन में पुरुष युगल के मुख्य ड्रॉ में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। इन दोनों के लिए यहां अच्छा प्रदर्शन करके रैंकिंग अंक हासिल करना महत्वपूर्ण है क्योंकि 10 जून तक की आधिकारिक रैंकिंग से यह तय होगा कि कौन सा खिलाड़ी तोक्यो ओलिंपिक में भाग लेगा। सानिया मिर्जा ने टूर्नामेंट में भाग नहीं लेने का फैसला किया है क्योंकि वह विंबलडन चैंपियनशिप में प्रवेश के लिए अपनी 'विशेष रैंकिंग' का उपयोग करना चाहती हैं।


from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/3vloKWZ

No comments