Breaking News

इस साल के आखिर में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गुलाबी गेंद से टेस्ट खेलेगी भारतीय महिला टीम

नई दिल्ली ऑस्ट्रेलिया दौरे पर 30 सितंबर से तीन अक्टूबर तक पहली बार दिन रात का टेस्ट खेलेगी। मैच पर्थ में खेला जाएगा जहां अभी तक दिन-रात का टेस्ट नहीं हुआ है। भारतीय क्रिकेट बोर्ड के सचिव जय शाह ने गुरुवार को ट्विटर पर यह जानकारी दी जिसके बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने कार्यक्रम की घोषणा की। शाह ने ट्विटर पर कहा कि यह महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने की भारत की रणनीति का हिस्सा है। शाह ने ट्वीट किया, ‘महिला क्रिकेट के लिए अपनी प्रतिबद्धता को आगे ले जाते हुए मुझे यह घोषणा करते हुए अपार हर्ष हो रहा है कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम इस साल के आखिर में ऑस्ट्रेलिया में दिन रात का टेस्ट खेलेगी।’ भारतीय महिला टीम 16 जून से इंग्लैंड में टेस्ट खेलेगी जो सात साल में उसका पहला टेस्ट होगा। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टेस्ट के साथ में तीन वनडे (19 से 24 सितंबर) और टी20 सीरीज (सात से 11 अक्टूबर) भी खेलेगी। अभी दौरे के कार्यक्रम की घोषणा नहीं हुई है लेकिन इसके सितंबर के मध्य में होने की संभावना है । भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आखिरी बार 2006 में टेस्ट खेला था । महिला क्रिकेट में अभी तक दिन रात का एकमात्र टेस्ट ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच नवंबर 2017 में सिडनी में खेला गया है जो ड्रॉ रहा था। इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया ही महिला क्रिकेटमें ऐसी दो टीमें हैं जो लगातार टेस्ट खेलती है । भारतीय टीम इन दोनों के खिलाफ टेस्ट खेलेगी। ऑस्ट्रेलिया की कप्तानद मैग लानिंग ने कहा, ‘हम लंबे समय से कहते आ रहे हैं कि टेस्ट क्रिकेट और होने चाहिए। यह रोमांचक होगा। भारतीय टीम इंग्लैंड में टेस्ट खेलेगी और इससे पता चलता है कि वह चुनौती के लिए तैयार होगी।’ कार्यक्रम :
  • 19 सितंबर : पहला वनडे , नॉर्थ सिडनी ओवल (दिन रात)
  • 22 सितंबर : दूसरा वनडे, जंक्शन ओवल
  • 24 सितंबर : तीसरा वनडे , जंक्शन ओवल
  • 30 सितंबर से तीन अक्टूबर : दिन रात का टेस्ट, पर्थ
  • सात अक्टूबर : पहला टी20 : नॉर्थ सिडनी ओवल
  • नौ अक्टूबर : दूसरा टी20 , नॉर्थ सिडनी ओवल
  • 11 अक्टूबर : तीसरा टी20, नॉर्थ सिडनी ओवल


from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/3wkQaMS

No comments