टी20 विश्व कप के भविष्य पर फैसला अभी नहीं, जानें BCCI एसजीएम में क्या हुआ
मुंबई बीसीसीआई की आमसभा ने सितंबर में यूएई में आईपीएल की बहाली को शनिवार को मंजूरी दे दी। बोर्ड ने आईसीसी टी20 विश्व कप पर अंतिम फैसला लेने के लिए आईसीसी से एक महीने का समय मांगा है ताकि भारत में कोरोना महामारी की स्थिति का आकलन किया जा सके। आमसभा की विशेष बैठक ऑनलाइन हुई जो 50 मिनट तक चली। इसमें सदस्यों ने दोनों एजेंडे को सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी। बैठक में मौजूद एक प्रदेश संघ के सीनियर सदस्य ने बताया , 'एसजीएम ने आईपीएल के बाकी मैच सितंबर अक्टूबर में कराने को मंजूरी दे दी। इसकी तारीखों की घोषणा बाद में की जाएगी।' अधिकारी ने कहा कि सभी सदस्य चाहते हैं कि टी20 विश्व कप अक्टूबर के आखिर में भारत में हो लेकिन अभी उस पर कोई फैसला नहीं लिया जा सकता है। उन्होंने कहा , 'बीसीसीआई प्रतिनिधि अध्यक्ष सौरव गांगुली और सचिव जय शाह एक जुलाई तक का समय मांगेंगे जिसके बाद एक और एसजीएम बुलाई जाएगी ताकि यह फैसला लिया जा सके कि टी20 विश्व कप भारत में होगा या नहीं।' उन्होंने कहा, 'इस समय देश में स्वास्थ्य हालात ऐसे नहीं है कि हम अंतिम फैसला ले सकें।' एक संक्षिप्त बयान में बीसीसीआई ने कहा कि सभी सदस्य आईपीएल यूएई में बहाल करने पर सहमत हो गए हैं। बयान में कहा गया , 'बीसीसीआई एसजीएम में पदाधिकारियों को आईसीसी से समय सीमा मांगने के लिए अधिकृत भी किया ताकि टी20 विश्व कप 2021 पर फैसला लिया जा सके।' एक प्रदेश संघ के सीनियर सदस्य ने कहा कि कर में छूट का मामला भी है जिस पर बात चल रही है। उन्होंने कहा ,'आईसीसी कर में छूट चाहती है लेकिन हमें सरकार के दिशा निर्देशों का पालन करना होगा। भारत में टी20 विश्व कप से सभी पक्षों को लाभ होगा लेकिन मई में आप अक्टूबर के स्वास्थ्य हालात पर बात नहीं कर सकते। हमें कुछ समय चाहिए।' बीासीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली, 'सचिव जय शाह और उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला एक जून को आईसीसी बोर्ड की बैठक में भाग लेने दुबई जाएंगे जिसमें भारत में होने वाले टी20 विश्व कप पर भी बात होगी।
from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/3wH58No
No comments