IPL 2021: ग्लेन मैक्सवेल कर रहे हैं भरपूर तैयारी, रिवर्स स्वीप लगाकर दिखा रहे हैं दम
नई दिल्ली ग्लेन मैक्सवेल के लिए इंडियन प्रीमियर लीग बहुत अच्छी नहीं रही है। बीते साल भी उनका प्रदर्शन बहुत खराब रहा था जिसके बाद पंजाब किंग्स (तब किंग्स इलेवन पंजाब) ने उन्हें इस साल की नीलामी के लिए रिलीज कर दिया था। लेकिन फरवरी में हुई नीलामी में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने 14.25 करोड़ रुपये देकर उन्हें अपनी टीम में शामिल किया। बैंगलोर की टीम अपने मिडल-ऑर्डर को मजबूत करना चाहती है और उन्हें उम्मीद है कि ऑस्ट्रेलिया का यह ऑलराउंडर इस भूमिका में खरा उतरेगा। ग्लेन मैक्सवेल अपने इस नए किरदार के लिए तैयारी भी भरपूर कर रहे हैं। क्वॉरनटीन से बाहर आने के बाद वह फौरन प्रैक्टिस में जुट गए हैं। प्रैक्टिस सेशन में साफ नजर आ रहा है कि वह रिवर्स स्वीप खेलने की प्रैक्टिस कर रहे हैं। ग्लेन मैक्सवेल का बैंगलोर की टीम के साथ पहला दिन था। फ्रैंचाइजी ने इसका एक क्लिप अपने आधिकारिक टि्वटर हैंडल पर पोस्ट किया था। वीडियो की शुरुआत में 32 वर्षीय मैक्सवेल रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर टीम की प्रैक्टिस को देख रहे हैं। वह टीम के क्रिकेट ऑपरेशंस माइक हेसन के साथ हैं। इसके बाद वह युजवेंद्र चहल के साथ मस्ती मजाक करते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद मैक्सवेल ने प्रैक्टिस मैच में भाग लिया। यहां उन्होंने अपना असली दम दिखाया। यहां उन्होंने चहल और डेन क्रिश्चन की गेंदों पर कई स्विच हिट, पैडल और रिवर्स स्वीप लगाए। ग्लेन मैक्सवेल प्रैक्टिस करते हुए काफी आत्मविश्वास से भरे हुए नजर आ रहे थे। बल्लेबाजी के अपने अलग अंदाज के लिए मैक्सवेल की पहचान होती है। बैंगलोर के फैंस को उम्मीद होगी कि वह मैदान पर भी अपना दम दिखाएंगे।
from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/3wz5UfV
No comments