CSK के नेट्स में बड़े शॉट्स खेलते हुए नजर आ रहे हैं चेतेश्वर पुजारा
नई दिल्ली चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super King) ने जब आईपीएल नीलामी में चेतेश्वर पुजारा (Cheteshwar Pujara) को खरीदा तो सभी ने इसे सराहा लेकिन फिर एक सवाल भी उठा कि क्या भारत के सर्वश्रेष्ठ टेस्ट बल्लेबाजों में शुमार पुजारा इस फटाफट क्रिकेट में फिट हो पाएंगे। सात साल बाद उन्हें आईपीएल के लिए चुना गया था और यह सवाल उठना लाजमी था। पुजारा को उनके बेस प्राइस 50 लाख रुपये में चेन्नै ने खरीदा था। हालांकि अब एक नया वीडियो सामने आया है जिसे देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि पुजारा टी20 के लिए भी खुद को तैयार कर रहे हैं। चेन्नै सुपर किंग्स के नेट्स में वह बड़े शॉट्स खेलने की प्रैक्टिस कर रहे हैं। एक यूजर के टि्वटर पेज पर पोस्ट किए गए इस वीडियो में 33 वर्षीय पुजारा बड़े हवाई शॉट खेलते हुए दिख रहे हैं। पहले वह तेज गेंदबाज दीपक चाहर की गेंद पर डीप-मिडविकेट की दिशा में शॉट खेलते हैं और अगली गेंद पर लेग स्पिनर कर्ण शर्मा की गेंद पर स्लॉग स्वीप मारते हैं। पुजारा इसके बाद लॉन्ग ऑन बाउंड्री पर हवाई हिट लगाते और पैड पर गेंद को फ्लिक करते हुए भी नजर आते हैं। वीडियो के आखिरी शॉट में वह एक्स्ट्रा कवर के इलाके में खेलते हुए दिखाई देते हैं।
from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/3sFuk54
No comments