Breaking News

कृष्णा का 'प्रसिद्ध' डेब्यू, केएल राहुल ने बताया किन वजहों से मिला टीम इंडिया का ड्रीम टिकट

पुणेयुवा तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शानदार पदार्पण से केएल राहुल हैरान नहीं हैं और उन्हें हमेशा से यकीन था कि कर्नाटक से भारतीय टीम में जगह बनाने वाला अगला क्रिकेटर वही होगा। इंडियन प्रीमियर लीग में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए शानदार प्रदर्शन करके मशहूर हुए कृष्णा ने इंग्लैंड के खिलाफ वनडे क्रिकेट में पदार्पण करके चार विकेट चटकाए। राहुल ने कहा, ‘ईमानदारी से कहूं तो मैं उनके प्रदर्शन पर हैरान नहीं हूं। मुझे हमेशा से यकीन था कि कर्नाटक से भारतीय टीम में अगला खिलाड़ी वही होंगे।’ उन्होंने कहा, ‘हम एक ही बैच के नहीं है लेकिन मैंने उन्हें जूनियर क्रिकेट खेलते काफी देखा है और नेट्स पर भी उसने अपने प्रदर्शन से ध्यान खींचा था।’ राहुल ने कहा, ‘वह काफी लंबे हैं और तेज गेंद डालते हैं। उन्हें विकेट से काफी उछाल मिलती है। विजय हजारे और मुश्ताक अली ट्रोफी में उनके साथ खेलकर मुझे अहसास हो गया कि वह काफी बहादुर भी हैं।’ उन्होंने कहा कि मेहनत करते रहने पर प्रसिद्ध भारतीय टीम के लिए काफी उपयोगी साबित होंगे। राहुल ने कहा, ‘मुझे खुशी है कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण के बावजूद वह अपना स्वाभाविक खेल दिखा रहे थे। इस स्तर पर खेलते समय नर्वस होना स्वाभाविक है लेकिन उन्होंने पहले तीन ओवर के बाद शानदार वापसी की।' उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करके प्रभावी प्रदर्शन करने वाले सभी युवाओं को आईपीएल में खेलने का फायदा मिला है और टीम प्रबंधन ने भी उनका आत्मविश्वास बढ़ाया है।


from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/39egA9S

No comments