Breaking News

साथियान, सुतिर्था ने ओलिंपिक का टिकट कटाया, शरत और मनिका भी क्वॉलिफाइ

दोहाभारतीय टेबल टेनिस खिलाड़ी जी साथियान ने यहां एशियाई ओलिंपिक खेल क्वॉलिफिकेशन टूर्नमेंट में पाकिस्तान के मोहम्मद रमीज पर 4-0 की आसान जीत के साथ पहली बार ओलिंपिक खेलों का टिकट हासिल किया। विश्व रैंकिंग में 38वें स्थान पर काबिज साथियान ने इससे पहले गुरुवार को रैंकिंग में 32वें स्थान पर काबिज शरत कमल को हराया था। शरत ने भी पाकिस्तान के खिलाड़ी रमीज पर जीत और विश्व रैंकिंग के आधार पर कोटा हासिल किया। विश्व रैंकिंग में 62वें स्थान पर काबिज मनिका बत्रा हमवतन सुतिर्था मुखर्जी से 2-4 से हार के बावजूद भी महिला एकल में ओलिंपिक के लिए क्वॉलिफाइ कर लेंगी। मनिका पर जीत के साथ ही सुतिर्था ने चार साल में एक बार होने वाले इन खेलों का टिकट हासिल कर लिया। मनिका के भी अपनी रैंकिंग के आधार पर क्वॉलिफाइ करने की संभावना है। मनिका और शरत के तोक्यो जाने की पुष्टि अप्रैल में आईटीटीएफ अप्रैल में करेगा, जब सभी क्वॉलिफिकेशन प्रतियोगिताएं खत्म हो जाएंगी। हाल ही में पहली बार राष्ट्रीय खिताब जीतने वाले साथियान ने रमीज को 11-5, 11-8, 11-9, 11-2 से हराकर दक्षिण एशिया वर्ग का कोटा हासिल किया। उन्होंने कहा, ‘यह एक अनमोल क्षण है और इसे बयां करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं है। ओलिंपिक में भाग लेना मेरा बचपन का सपना रहा है और यह निश्चित रूप से मेरे जीवन के सबसे अच्छे पलों में से एक है।’ साथियान ने कहा, ‘अब जब मैंने क्वॉलिफाइ कर लिया है, तो मैं तोक्यो में बेहतर प्रदर्शन करने और अपनी पहचान बनाने के लिए उत्सुक हूं।’ सुतिर्था ने दक्षिण एशिया वर्ग के महिला एकल में राष्ट्रमंडल खेलों 2018 की स्वर्ण पदक विजेता मनिका को 7-11, 11-7, 11-4, 4-11, 11-5, 11-4 से हराया।


from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/3c0BoDu

No comments